रायपुर। छत्तीसगढ़ को खनिज संपदा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मिली है। महासमुंद जिले के भालुकोना-जामनीडीह ब्लॉक में किए गए सर्वेक्षण में निकेल, क्रोमियम और प्लेटिनम समूह के तत्व (PGE) मिलने की पुष्टि हुई है। यह खोज न केवल राज्य की आर्थिक तरक्की में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी अहम कदम मानी जा रही है।
करीब 3000 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस ब्लॉक में पहले भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) द्वारा खनिजों की मौजूदगी की संभावना जताई गई थी। इसके बाद राज्य के खनिज संसाधन विभाग ने इस क्षेत्र की ई-नीलामी कर निजी कंपनी को सर्वेक्षण और खोज की जिम्मेदारी सौंपी थी।
इस ऐतिहासिक खोज को रणनीतिक खनिज विकास की दिशा में क्रांतिकारी पहल माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन बहुमूल्य खनिजों का दोहन प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निवेश वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
