स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत कबीरधाम के पर्यटन विकास को मिली 146 करोड़ की मंजूरी, भोरमदेव कॉरिडोर बनेगा नया आकर्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोरमदेव कॉरिडोर से कबीरधाम में होगा पर्यटन का विकास, केंद्र से मिली 146 करोड़ की स्वीकृति

 

कबीरधाम जिले में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल एक नया अध्याय शुरू करने जा रहा है। ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण से यह क्षेत्र एक भव्य पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा। पर्यटन मंडल की अध्यक्ष नीलू शर्मा ने भोरमदेव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद जानकारी दी कि भारत सरकार के केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत जिले को 146 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।

इस राशि से भोरमदेव मंदिर, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा मंदिर और सरोदा बांध जैसे प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण और विकास किया जाएगा। परियोजना के तहत भव्य प्रवेश द्वार, संग्रहालय, बच्चों के पार्क, नागद्वार, म्यूजिकल फाउंटेन, भंडारा भवन, यज्ञ स्थल, जूता रखने का स्थान, छायादार सीढ़ियां, डोम और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंदिर परिसर में पहली बार जल शुद्धिकरण की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी, जिससे यह स्थल और अधिक पवित्र और पर्यावरण अनुकूल बनेगा।

नीलू शर्मा ने बताया कि भोरमदेव के पास एक नया और विशाल संग्रहालय बनाया जाएगा, जो पुराने संग्रहालय से चार से पांच गुना बड़ा होगा। इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने संयुक्त बैठक कर अंतिम रूप दे दिया है।

यह कॉरिडोर आस्था, इतिहास और हरियाली का अद्भुत संगम बनेगा और आने वाले वर्षों में राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

thelokmedia
Author: thelokmedia

Leave a Comment

और पढ़ें